visitors

Wednesday, 24 August 2011

NATIONAL NEWS

टीम अन्ना के सक्रिय सदस्य अरविंद केजरीवाल, प्रशांत भूषण और किरण बेदी की वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के साथ नार्थ ब्लॉक में चल रही बैठक समाप्त हो चुकी है। टीम अन्ना ने कहा है कि सरकार से बातचीत फेल हो चुकी है और हमारे विरोध करने के बावजूद भी सरकार ने जनलोकपाल बिल को स्टैंडिंग कमेटी को भेज दिया है,,,अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने एक नया ड्राफ्ट बनाया है। केजरीवाल के मुताबिक सरकार जनलोकपाल बिल से मुकर रही है। इसकी वजह से अब अन्ना का अनशन नहीं टूटेगा। टीम अन्ना ने दावा किया है कि सरकार अन्ना को जबरदस्ती अस्पताल भेज सकती है। दूसरी ओर, डॉक्टर त्रेहन प्रधानमंत्री से मिलने उनके दफ्तर पहुंचे। जहां उन्होंने अन्ना की सेहत की जानकारी प्रधानमंत्री को दी।
रामलीला मैदान में चल रहे अन्ना  हजारे के अनशन ने रामलीला मैदान का तो माहौल गर्म कर ही रखा था लेकिन आज टीम अन्ना ने भी बेहद आक्रामक तेवर अपना लिए हैं। अरविंद केजरीवाल ने मंच पर आकर दो टूक शब्दों में कहा कि यदि अन्ना को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

अन्ना के नारों से गुंजा रानीखेत

रानीखेत: भ्रष्टाचार के खिलाफ व जन लोकपाल बिल को पास कराने की मांग को लेकर आंदोलन में कूदे समाजसेवी अन्ना हजारे के समर्थन में नगर में बुधवार को भी को नारों की गूंज से गुंजायमान रहा।
अन्ना हजारे के समर्थन में रोज की भांति बुधवार को कई लोगों ने सुभाष चौक से मुख्य बाजार में अन्ना के समर्थन में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला।

आइटीबीपी की भर्ती में दौड़ के दौरान युवक की मौत

देहरादून,  भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस में ट्रेडसमैन की भर्ती प्रक्रिया में हुई दौड़ के दौरान एक अभ्यर्थी की संदिग्ध कारणों से मौत हो गई। पुलिस उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक बागपत का निवासी था,,,
राजधानी के वसंत विहार थाना क्षेत्रांतर्गत सीमाद्वार स्थित आइटीबीपी में 25 जुलाई से ट्रेडसमैन पद पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इन दिनों अभ्यर्थियों की शारीरिक माप दंड प्रक्रिया हो रही थी। बुधवार की सुबह परीक्षा में पांच किलोमीटर की दौड़ होनी थी। दौड़ आइटीबीपी परिसर से होती हुई टी-स्टेट होकर फिर आइटीबीपी परिसर में संपन्न होनी थी। इसमें दर्जनों युवक दौड़ रहे थे।
दौड़ आधी संपन्न हुई थी कि एक युवक बेहोश होकर गिर पड़ा। अभ्यर्थियों के संग चल रही आइटीबीपी की चिकित्सा वैन के स्टॉफ ने उसका प्रारंभिक उपचार किया व उसे आइटीबीपी अस्पताल ले गए। हालत बिगड़ते देख डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। आइटीबीपी कर्मचारी उसे दून अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इससे आइटीबीपी कर्मियों के होश उड़ गए।

ऋषिकेश में विदेशी महिला से दुराचार

ऋषिकेश,योग सीखने भारत आई मैक्सिको की एक महिला के साथ टूरिस्ट गाइड ने दुराचार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के मुताबिक मैक्सिको निवासी 29 वर्षीय एक महिला योग सीखने भारत आई है। करीब बीस दिन से वह मुनिकीरेती के तपोवन स्थित एक योग आश्रम में क्रिया योग की शिक्षा ले रही थी। मंगलवार को तपोवन स्थित एक दुकान पर वह श्यामपुर निवासी हिमांशु थपलियाल के संपर्क में आई। हिमांशु तपोवन में टूरिस्ट गाइड का काम करता है। वह घुमाने की बात कह कर उसे अपनी मोटरसाइकिल पर नरेंद्रनगर और फकोट क्षेत्र में ले गया। मंगलवार देर रात्रि योग आश्रम छोड़ने के बजाय महिला को श्यामपुर स्थित अपने घर ले गया। बुधवार तड़के करीब तीन बजे महिला को लेकर मोटरसाइकिल से बैराज की ओर गया। जहां लक्ष्मणझूला मार्ग पर जंगल में अंधेरे का फायदा उठाकर उसके साथ दुराचार कर दिया।

अन्ना के समर्थन में सड़कों पर उतरे छात्र

हरिद्वार,,,,,,अन्ना हजारे के समर्थन में लोग कुछ इसी तरह सड़कों पर उतर रहे हैं। क्या शहर क्या गांव क्षेत्र में भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम में सब जगह चल रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में छात्रों का रैला सड़कों पर उतारा। समाज का प्रबुद्ध वर्ग भी अन्ना को समर्थन दे रहा है। मेडिकल छात्राओं ने अन्ना के समर्थन में कैंडल मार्च निकाला।

शिक्षा का हब बन रहा उत्तराखंड

हरिद्वार,  मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड सबसे तेजी से विकास कर रहा है। सरकार प्रदेश को शिक्षा हब बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में शामिल छात्रों को सम्मानित किए गए। सीएम डॉ. निशंक ने कहा कि भारत हमेशा से विश्व गुरुरहा है और रहेगा। उन्होंने छात्रों से बड़े सपने देखने को कहा और इसके लिए पूरी लगन से मेहनत करने को कहा। शिक्षा मंत्री खजानदास ने कहा कि सरकार विद्या भारती के अनुभव का सहारा लेगी।

शराबी छात्रों ने की होटल में तोड़फोड़

देहरादून, डीएवी महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव की हनक राजधानी में दिखाई देने लगी है। चुनाव की आड़ में छात्रों का होटल में मुफ्त में खाना खाने को लेकर हो या फिर पेट्रोल पंप पर तेल भराने को लेकर। ऐसा ही कुछ मामला बुधवार देर रात भी सामने आया, जब मुफ्त में कमरा व चिकन नहीं मिलने पर शराब के नशे में धुत डीएवी के छात्र नेताओं ने त्यागी रोड स्थित एक होटल में तोड़फोड़ कर डाली। यही नहीं उन्होंने होटल स्टॉफ से जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के विरोध में दर्जनों छात्र नेता कोतवाली पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर छात्र नेताओं को खदेड़ दिया।